- Sponsored -
केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने शोक व्यक्त किया,
केंद्रीय मंत्री ने डीसी एवं एसपी से बात कर राहत कार्य मे तेजी लाने व एनडीआरएफ की टीम को बुलाकर शवों को निकालने के दिए निर्देश
कोडरमा। जिले के मरकच्चो प्रखंड अंतर्गत कोडरमा और गिरिडीह जिले की सीमा स्थित पंचखेरो डैम में रविवार की सुबह लगभग 11 बजे नाव पलट जाने से 8 लोग डूब गये हैं। हालांकि अभी तक एक भी शव को निकाला नहीं जा सका है। मिली जानकारी के अनुसार सभी लोग गिरिडीह जिले के राजधनवार प्रखंड अंतर्गत खेतो गांव के निवासी हैं। ये लोग पंचखेरो डैम में घूमने आए थे तथा नाव पर सवार होकर सैर सपाटा कर रहे थे।
नाव पर कुल दस लोग थे सवार।
बताया जाता है कि नाव पर कुल 10 लोग सवार थे। नाव के पलटने के बाद एक नाविक और प्रदीप सिंह नामक एक युवक तैरकर बाहर निकल आया। वहीं बाकी लोगों का पता नहीं चल पा रहा है। इधर, घटना की सूचना के बाद सीओ रामसुमन प्रसाद, थाना प्रभारी सुमित कुमार साव सहित पुलिस बल के जवान डैम के समीप राहत कार्य में लगे हुए हैं। कई स्थानीय लोग भी डैम में डूबे लोगों को निकालने के प्रयास में जुट गए हैं। नाव पर प्रदीप सिंह (उम्र 40 वर्ष), पिता अभिमन्यु प्रसाद सिंह, पलक कुमारी (उम्र 14 वर्ष), शिवम कुमार (12 वर्ष), पिता प्रदीप सिंह, सीताराम यादव (उम्र 40 वर्ष), पिता बासुदेव यादव, सेजल कुमारी (उम्र 12 वर्ष), हर्षल कुमार (उम्र 14 यादव), बबुआ उर्फ छोटी कुमारी (उम्र 5 वर्ष), पिता सीताराम यादव, राहुल कुमार (उम्र 16 वर्ष), पिता प्रफुल सिंह एवं अमित कुमार सिंह (उम्र 16 वर्ष), पिता प्रफुल सिंह (सभी ग्राम खेतो, पंचायत चन्दरखो, थाना घोडथम्बा, जिला गिरिडीह के निवासी) सवार थे। मिली जानकारी के अनुसार कुल तीन परिवार के लोग लकड़ी वाले नाव से डैम घूमने लगे। वहीं घूमते घूमते नाव डैम के बीच में पहुँच गया और नाव में पानी भर गया, जिससे नाव डूब गया और नाव में सवार सभी लोग डूब गए। वही नाव चालक गोरहंद निवासी रोहित कुमार (उम्र 16 वर्ष), पिता नकुल राम व घूमने आए प्रदीप सिंह (उम्र 40 वर्ष), पिता अभिमन्यु सिह किसी तरह अपनी जान बचा कर बाहर निकले। उपस्थित मरकच्चो पुलिस ने प्रदीप सिंह को प्राथमिक उपचार हेतु मरकच्चो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गयी, जहां डॉक्टर ने उसकी हालत ठीक बताई है। वहीं नाव चालक डैम से निकल कर भागने में सफल रहा। डैम पर परिजनों समेत हजारों लोगो की भीड़ जमी है। परिजन अपने अपने बच्चों व परिवार वालो का नाम ले ले कर चीख चिल्ला रहे हैं।
पांच वर्ष पूर्व बना है पंचखेरो डैम।
उक्त पंचखेरो डैम लगभग 5 वर्ष पूर्व बनकर तैयार हुआ है। डैम की सुंदरता व इसके आसपास की वादियां सैलानियों को आकर्षित करती है। बड़ी तादाद में स्थानीय व आसपास के जिलों के लोग यहां घूमने आते हैं। इस घटना से आसपास के लोग सदमे में हैं।
केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री ने की डीसी एवं एसपी से बात।
घटना की सूचना मिलते हैं केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सह कोडरमा सांसद श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने जिले के डीसी आदित्य रंजन एवं एसपी कुमार गौरव से बात कर अति शीघ्र राहत कार्य कराने का निर्देश दिया है। साथ ही उन्होंने एनडीआरएफ की टीम बुलाकर सभी शवों को निकालने की बात कही है। सांसद ने कहा है कि यह बहुत बड़ी दुःखद घटना है। वे पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग करेंगे। ईश्वर पीड़ित परिवार को इतने बड़े दुख को सहने की हिम्मत दें।
- Sponsored -
- Sponsored -
Comments are closed.