- Sponsored -
रांची: काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस द्वारा आइसीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट रविवार को घोषित कर दिया गया। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित संत जेवियर इंग्लिश स्कूल के स्टूडेंट वेदराज ने देश भर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। उन्हें 99.60 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। कुल 500 अंकों में 498 अंक उन्हें मिले हैं। देश में सेकेंड टॉपर होने के कारण वेदराज झारखंड टॉपर भी बन गए हैं। रिजल्ट में 99.80 फीसदी अंकों के साथ चार छात्रों ने टॉप किया है। इनमें तीन छात्राएं शामिल हैं। टॉप चार में से तीन उत्तर प्रदेश से हैं। इनमें भी दो छात्राएं हैं। आॅल इंडिया मेरिट में पहले स्थान पर रहने वाले टॉप चार छात्रों में हरगुन कौर मथारू, सेंट मैरी स्कूल, पुणे, महाराष्ट्र से हैं। तथा बाकी तीनों यूपी से हैं। इनमें शेलिंग हाउस स्कूल, कानपुर की अनिका गुप्ता, जीसस एंड मैरी स्कूल एंड कॉलेज, बलरामपुर के पुष्कर त्रिपाठी तथा सिटी मोंटेसरी स्कूल, कानपुर रोड, लखनऊ की कनिष्का मित्तल शामिल हैं। इन चारों छात्रों ने 500 में से 499 अंक हासिल किए हैं। चारों को 99.80 फीसदी पर्सेंटाइल मिले हैं। बता दें कि देश भर में कोराना महामारी से प्रभावित हुई शैक्षणिक गतिविधियों के चलते सीआइएससीई ने वर्ष 2021-22 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन दो चरण सेमेस्टर 1 और सेमेस्टर 2 में किए जाने की घोषणा की थी। इसी क्रम में सेमेस्टर 1 का आयोजन नवंबर-दिसंबर 2021 के दौरान किया गया था। सेमेस्टर 2 की परीक्षा अप्रैल-मई 2022 में आयोजित की गयी थी। साथ ही सीआइएससीई ने छात्रों के अंतिम परिणामों की घोषणा के लिए दोनों ही सेमेस्टर के अंकों को बराबर-बराबर (50-50) का वेटेज देने की घोषणा की है। यानी छात्र-छात्राओं के आइसीएसई रिजल्ट 2022 की दोनों सेमेस्टर के अंकों के योग के आधार पर घोषित किया गया है।
- Sponsored -
Comments are closed.