Live 7 Bharat
जनता की आवाज

गोरखपुर में सरयू नदी खतरे के निशान के पास पहुंची 

- Sponsored -

गोरखपुर: गोरखपुर जिले में पर्याप्त वर्षा भले न हुई हो लेकिन प्रशासन बाढ़ बचाव को लेकर सतर्कता है। सरयू नदी का जलस्तर अयोध्या पुल के पास चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंच गया। पानी बढ़ने का क्रम जारी है। नदी अभी भी खतरे के निशान से करीब 26 सेंटीमीटर नीचे है। राप्ती नदी के जलस्तर में भी वृद्धि जारी है लेकिन नदी चेतावनी स्तर से काफी नीचे है। सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सभी बाढ़ चौकियों को सतर्क कर दिया गया है।

पिछले कुछ दिनों से सरयू नदी के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की जा रही है। शनिवार को नदी चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंच गई, धीमी गति से इसमें रविवार को भी बढ़ोत्तरी देखी गई। खतरे के निशान से एक मीटर नीचे चेतावनी स्तर होता है। सरयू नदी का जलस्तर 92.47 मीटर रिकार्ड किया गया जबकि खतरे का बिन्दु 92.73 मीटर है। राप्ती नदी का जलस्तर 71.28 मीटर रिकार्ड किया गया। रोहिन नदी के जलस्तर में भी वृद्धि हो रही है लेकिन नदी चेतावनी बिन्दु से अभी काफी नीचे है।

- Sponsored -

जिले में 86 बाढ़ चौकियों की स्थापना की गई है। सरयू नदी के जलस्तर को देखते हुए सभी चौकियों पर तैनात कर्मियों को एलर्ट कर दिया गया है। नदी के किनारे के तटबंधों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। बड़हलगंज क्षेत्र में कुछ स्थानों पर नदी कटान कर रही है, वहां भी सतर्कता बरतने को कहा गया है। जिला आपदा विशेषज्ञ गौतम गुप्ता ने बताया कि स्थानीय तहसील प्रशासन सतर्क हैं। जरूरत पड़ी तो कटान वाले गांव से लोगों को किसी बाढ़ राहत शिविर में शिफ्ट किया जाएगा। हालांकि अभी ऐसी स्थिति नहीं आयी है।

गोरखपुर और पूर्वांचल की प्रमुख नदियों का जलस्तर नेपाल की पहाड़ी नदियों से बढ़ता है। जब-जब पहाड़ों पर बारिश होती है पूर्वांचल की नदियां उफान पर आ जाती हैं। इधर कई दिनों से पहाड़ों पर हो रही बारिश के कारण पूर्वांचल की अधिकांश नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है।

Looks like you have blocked notifications!

- Sponsored -

- Sponsored -

Comments are closed.

Breaking News: