- Sponsored -
मास्को 26 फरवरी (वार्ता) रूस के राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने शनिवार को कहा कि रूस प्रतिबंधों से होने वाले नुकसान को कम करने में सक्षम है।
रूस की तास न्यूज एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि श्री पेसकाेव का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब रूसी सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव ने रूस पर लगाए गए के बीच सुझाव दिया है कि रूस अमेरिका, यूरोपीय संघ और अन्य ऐसे देशों में जिससे रूस के अच्छे संबंध नहीं है, वहां पंजीकृत लोगों की संपत्ति का राष्ट्रीयकरण कर सकता है।
श्री पेसकोव ने संवाददाताओं से कहा,“प्रतिबंधों से होने वाले नुकसान को कम करने और सभी आर्थिक क्षेत्रों और प्रणालियों के निर्बाध संचालन को सुनिश्चित करने के लिए तत्काल उपाय किए जा रहे हैं।” उन्होंने जोर देकर कहा कि रूस के पास ऐसा करने की हर संभावना और क्षमता है। क्रेमलिन के प्रवक्ता ने कहा,“ऐसी स्थितियों से निपटने के लिए पहले से व्यवस्था की गयी है।”
उन्होंने कहा,“प्रतिशोधी उपायों को निर्धारित करने के लिए विश्लेषण की आवश्यकता होगी जो हमारे हितों की सर्वोत्तम सेवा करेंगे।”
श्री मेदवेदेव ने कहा कि रूस को विदेशों में रूसी नागरिकों और कंपनियों की संपत्ति जब्त करने की धमकी दी जा रही थी। उन्होंने कहा,“इसका जवाब काफी संयमित तरीके से दिया जाना चाहिए।”
श्री मेदवेदेव ने कहा,“शुक्र है, हमारे पास व्यापक अनुभव है और इस मुद्दे पर हमारे पास एक कानून है।”
उल्लेखनीय है कि पश्चिमी देशों सहित कई देशों ने यूक्रेन पर आक्रमण के बाद रूस के खिलाफ कठोर प्रतिबंधों की घोषणा की है।
यूरोपीय संघ ने राष्ट्रपति प्रशासन, रूसी रक्षा मंत्रालय, रूसी विदेश खुफिया सेवा (एसवीआर) और अन्य राज्य संरचनाओं के साथ-साथ सैन्य औद्योगिक, ऊर्जा, विमान निर्माण और वित्तीय क्षेत्रों की कंपनियों सहित 64 प्रमुख रूसी एजेंसियों के खिलाफ वित्तीय और तकनीकी क्षेत्रीय प्रतिबंध लगाए। इन देशों ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और अन्य रूसी नागरिकों सहित कई रूसी राजनेताओं को भी काली सूची में डाल दिया है।
- Sponsored -
Comments are closed.