- Sponsored -
नयी दिल्ली : उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम के स्थापना दिवस के शुभकामनाएं देते हुए दोनों राज्यों के निवासियों के सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की है। श्री नायडू ने रविवार को यहां जारी दो अलग-अलग संदेशों में कहा कि दोनों राज्य अपने प्राकृतिक सौंदर्य और विशिष्ट परंपरा के कारण अनूठे हैं।उपराष्ट्रपति ने कहा, ‘अरुणाचल प्रदेश के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों के सुखी, स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की कामना करता हूँ।’ उन्होंने कहा कि हिमालय के विहंगम सौंदर्य से सजे इस प्रदेश की संस्कृति भारत की विविधता का श्रृंगार है। राष्ट्र की सुरक्षा में यहां के निवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।मिजोरम के निवासियों के लिए जारी एक संदेश में उपराष्ट्रपति ने कहा, ‘मिजोरम के स्थापना दिवस के सुअवसर पर प्रदेशवासियों के उज्जवल भविष्य की कामना करता हूँ।’ उन्होंने कहा कि प्रकृति के अनुपम सौंदर्य और समृद्ध जैविक विविधता से संपन्न पूर्वोत्तर के इस प्रदेश की विशिष्ट वीर परंपरा रही है। प्रदेश की संस्कृति, भारत की विविधता को पूर्णता प्रदान करती है।
- Sponsored -
Comments are closed.