- Sponsored -
पुडुचेरी: केंद्र शासित प्रदेश पुड्डुचेरी में बिजली वितरण कंपनी (डिस्कॉम) के निजीकरण के सरकार के फैसले के विरोध में बिजली विभाग के कर्मचारी मंगलवार से बेमियादी हड़ताल पर जायेंगे।
यहां पत्रकारों से बात करते हुए पुड्डुचेरी कर्मचारी संयुक्त कार्यसमिति के अध्यक्ष अरूलमोझी और महासचिव वेगलमीरूगन ने कहा कि यह विरोध केवल बिजली विभाग के कर्मचारियों का नहीं बल्कि पुड्डुचेरी के लोगों का है। सत्तारूढ आर एन कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी को छोड़कर अन्य सभी राजनीतिक पार्टी और सामाजिक संगठनों ने हड़ताल को समर्थन देने की बात कही है। मुख्यमंत्री एन रंगास्वामी, सत्ताधारी दल के मंत्री और नेता इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग के निदेशक वितरण कंपनी के निजीकरण के लिए तेजी से कदम उठा रहे हैं। उनका कहना है कि निजीकरण से सेवाओं में तेजी आयेगी। जेएसी के अध्यक्ष और महासचिव ने आश्चर्य जताया कि क्या अभी तक कर्मचारी तेजी से सेवा नहीं दे रहे थे साथ ही आरोप लगाया कि यह सरकार उन्हे प्रदर्शन करने पर मजबूर कर रही है।
सरकार के इस फैसले के खिलाफ सभी कर्मचारी विभाग के मुख्य कार्यालय के सामने जमा होंगे और मजबूरी में असहयोग का सहारा लेंगे। हड़ताल के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने के लिए कर्मचारियों की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी इसके लिए सरकार और बिजली विभाग ही जिम्मेदार होंगे। उन्होंने जनता और सरकारी कर्मचारियों से हड़ताल के लिए समर्थन मांगा।
इस बीच विद्युत विभाग के प्रमुख षणमुघम ने विज्ञप्ति में कर्मचारियों को हड़ताल को लेकर यह कहते हुए कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी है कि वे लोग जरूरी सेवा देने का काम करते हैं।
- Sponsored -
Comments are closed.