Live 7 Bharat
जनता की आवाज

राष्ट्रपति चुनाव : वोटिंग आज, झारखंड में तैयारी पूरी

- Sponsored -

द्रौपदी मुर्मू एनडीए की और यशवंत सिन्हा यूपीए के प्रत्याशी
21 जुलाई को आयेगा परिणाम
रांची : राष्ट्रपति चुनाव के लिए सोमवार को वोटिंग होगी। झारखंड सहित सभी राज्यों के सांसद व विधायक इसमें वोट डालेंगे। झारखंड विधानसभा में दिन के 10 बजे से शाम पांच बजे तक वोटिंग होगी। इसकी तैयारी पूरी हो गयी है। चुनाव का परिणाम 21 जुलाई को आयेगा। इस चुनाव में द्रौपदी मुर्मू एनडीए की और यशवंत सिन्हा यूपीए के प्रत्याशी हैं। वोट डालने के लिए विधायकों को अपने साथ अपना पहचान पत्र (विधान सभा द्वारा जारी), फोटो पहचान पत्र, निर्वाचन प्रमाण पत्र लाना होगा। साथ ही उनके लिये कई जरूरी निर्देश भी जारी किये गये हैं। किसी भी स्थिति में सेल्यूलर फोन, कॉर्डलेस फोन, वायरलेस सेट इत्यादि ले जाने की अनुमति नहीं होगी। विधायकों के अलावे अगर कोई सांसद विधानसभा स्थित न्यायाधिकरण (ट्रिब्यूनल) कक्ष में ही वोट डालना चाहे तो निर्वाचन आयोग से मिली अनुमति के आधार पर ही उन्हें भी मौका मिलेगा। द्रौपदी मुर्मू को झारखंड में भाजपा के साथ आजसू, झामुमो और निर्दलीयों का भी समर्थन मिल गया है। वहीं दूसरी ओर यशवंत सिन्हा को कांग्रेस और राजद का वोट ही मिलेगा। झारखंड के एक विधायक के वोट का कुल मूल्य 176 होता है। इस आधार पर एनडीए के पास कुल 16480 वोट हैं। झामुमो के समर्थन की घोषणा के बाद कुल वोटों का मूल्य 23860 हो गया है। झारखंड में सभी सांसदों और विधायकों के कुल वोटों का मूल्य 28256 है। ऐसे में द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में समीकरण यहां से बन गया है। उनका देश में कई पार्टियों ने समर्थन किया है। उन्हें 60 फीसदी से ज्यादा वोट मिल सकता है। यदि द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति बन जाती हैं तो इस शीष संवैधानिक पद पर पहुंचने वाली पहली आदिवासी महिला बन सकती हैं। इस चुनाव में सांसदों व विधायकों का कुल 10,86,431 मत है। इसमें 6.67 लाख से ज्यादा मत द्रौपदी मुर्मू के पास है। इसमें 3.08 लाख वोट भाजपा और उसके सहयोगी दलों का है। वोट वैल्यू के हिसाब से यूपी के विधायकों का वोट वैल्यू सबसे अधिक 208 है। इसके बाद तमिलनाडु और झारखंड का 176-176 वोट वैल्यू है। दूसरी तरफ यूपीए के सांसदों और राज्यों के उसके विधायकों का कुल मत करीब तीन लाख है। यशवंत सिन्हा पिछले दिन रांची आये थे और झामुमो से समर्थन मांगा था।
चुनाव पर्यवेक्षक डॉ राजेंद्र कुमार ने किया निरीक्षण
केंद्रीय अपर सचिव सह राष्ट्रपति चुनाव के झारखंड पर्यवेक्षक डॉ राजेंद्र कुमार ने चुनाव से संबंधित झारखंड विधानसभा में चल रही तैयारियों का रविवार को निरीक्षण किया। इस अवसर पर मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार, प्रभारी सचिव सह सहायक निर्वाचन पदाधिकारी सैयद जावेद हैदर, संयुक्त सचिव सह सहायक निर्वाचन पदाधिकारी रामनिवास दास एवं अवर सचिव मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग देवदास दत्ता समेत विधानसभा के पदाधिकारी, मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग के पदाधिकारी एवं प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

Looks like you have blocked notifications!

- Sponsored -

- Sponsored -

Comments are closed.

Breaking News: