- Sponsored -
जमशेदपुर। मुंबई पुलिस ने जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के सुभाष कालोनी में छापामारी कर राहुल सिंह को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी था। विगत एक साल से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। उस पर डेढ़ करोड़ रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला मुंबई के ठाणे जिले के कसारा थाना में अक्टूबर 2020 को दर्ज किया गया था। आरोपित मूलरूप से बिहार के बेगूसराय जिले के बछवाड़ा का निवासी है। पुलिस की खोजबीन के बाद आरोपित मानगो के सुभाष कालोनी ससुराल में फरारी काट रहा था। मानगो पोस्ट आफिस रोड में उसका अपना मकान है। कुछ माह पहले ही उसने मकान बनवाया है। गुरुवार देर रात तक आरोपित से मानगो थाना में पूछताछ होती रही। मुंबई पुलिस आरोपित को ट्रांजिक्ट रिमांड पर उसे ठाणे जिले के कसारा थाना की पुलिस मुंबई लेकर रवाना हो गई। मुंबई के ठाणे जिले के कसारा थाना क्षेत्र के एक होटल में चीफ फायनांस कंट्रोलर के रूप में काम करता था। होटल में उसने काफी अनियमितता की। करीब डेढ़ करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप उस पर लगा है। होटल प्रबंधन की ओर से उसके खिलाफ कसारा थाना में प्राथमिकी दर्ज दर्ज कराई गई थी। तब से पुलिस आरोपित की तलाश कर रही थी। उसके अन्य सहयोगी भी मामले में आरोपित हैं। इससे पहले मुंबई पुलिस ने जमशेदपुर के एसएसपी डॉ एम तमिल वानन से संपर्क कर मामले की जानकारी दी। एसएसपी ने मानगो थाना के इंस्पेक्टर विनय कुमार को आरोपित की गिरफ्तारी में मुंबई पुलिस को सहयोग करने का आदेश दिया। दो-तीन की रेकी करने के बाद जमशेदपुर और मुंबई पुलिस ने संयुक्त रूप से छापामारी कर आरोपित को खोज निकाला। मानगो सुभाष कालोनी से उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद राहुल को मुंबई पुलिस साथ ले जाएगी। इसके अन्य आरोपित साथी की गिरफ्तारी की कोशिश भी जारी है।
- Sponsored -
Comments are closed.