- Sponsored -
सिमडेगा में 43.4 मिमी बारिश हुई
रांची : रांची में बुधवार को दोपहर बाद अच्छी बारिश हुई। इस दौरान रांची के कई हिस्सों में ओलावृष्टि भी हुई। कांके में ओला की सफेद चादर बिछ गई। बुधवार को राजधानी रांची में सुबह से ही बादल छाए रहे। सुबह घने कोहरे के बाद लगभग 9 बजे कोहरा साफ हुआ। दिन में थोड़ी गर्माहट जरूर आई लेकिन धूप नहीं निकली। दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट लिया और तेज हवा के साथ बादल बरसने लगे। लगभग आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। इसके बाद शाम छह बजे के करीब भी करीब एक घंटे तक जमकर बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में रांची में 2.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं इस दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश सिमडेगा में दर्ज हुई है। यहां पिछले 24 घंटे में 43.4 मिमी. बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के लगभग सभी जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई है।
- Sponsored -
रांची राज्य भर में सबसे ठंडा
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के हेड अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले 2-3 दिनों तक राज्य में सुबह को हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा देखने को मिलेगा। इस दौरान राज्य का तापमान स्थिर बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में रांची का न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान गोड्डा में 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
रांची समेत राज्य के 14 जिलों में आज भी बारिश के आसार
अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची समेत राज्य के 14 जिलों में गुरुवार को भी बारिश की संभावना है। रांची के अलावा खूंटी, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, देवघर, धनबाद, गोड्डा गिरिडीह के अलग-अलग इलाकों में बारिश हो सकती है।
- Sponsored -
Comments are closed.