- Sponsored -
नयी दिल्ली: केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र तोमर ने शनिवार को कहा कि अच्छी सेहत के लिए अत्यंत उपयोगी मोटे अनाजों (पोषक अनाज) को बढ़ावा देने के लिए अनेक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।
श्री तोमर ने दिल्ली हाट में पोषक-अनाज पाक महोत्सव में कहा कि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय पोषक-अनाज वर्ष 2023 मनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यहां मोटे अनाजों के उपयोग को प्रदर्शित किया जा रहा है। इसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से आये प्रख्यात खानसामों ने भी भागीदारी की। छोटे पैमाने के उद्योगों और उद्यमियों के लिए व्यावसायिक संभावनाएं और संभाव्यताएं विषय पर पैनल परिचर्चा, नुक्कड़ नाटक तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं सहित महोत्सव के विभिन्न आकर्षण हैं, जिनके माध्यम से मोटे अनाजों के गुणों का प्रसार किया जा रहा है। यह महोत्सव 31 जुलाई तक चलेगा।
उन्होंने कहा कि कम से कम पानी की खपत, कम कार्बन फुटंिप्रट तथा सूखे की स्थिति में भी मोटे अनाजों की उपज संभव हो जाती है, अत: ये जलवायु अनुकूल फसलें हैं। शाकाहारी खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के दौर में मोटे अनाज एक वैकल्पिक खाद्य प्रणाली का निर्माण करता है। मोटे अनाज संतुलित आहार के साथ-साथ सुरक्षित पर्यावरण में भी योगदान देते हैं। ये मानव जाति के लिए प्रकृति की देन हैं। मोटे अनाज बी-कॉम्प्लेक्स विटामिन और खनिजों जैसे सूक्ष्म पोषक तत्वों का भंडार हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, कृषि सचिव मनोज आहूजा और कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।
- Sponsored -
Comments are closed.