- Sponsored -
रांची। झारखंड में तीसरी लहर के बाद कोरोना संक्रमण के मामले लगातार कम होते जा रहे हैं। राहत की बात है कि राज्य के 5 जिले ऐसे हैं जो कोरोना मुक्त हो गए। यानी इन् जिलों में एक भी एक्टिव मरीज अब नहीं हैं। इन जिलों में गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज और सिमडेगा शामिल हैं। जामताड़ा में सोमवार को एक एक्टिव केस था। सिमडेगा जिला में दो केस थे। मगर मंगलवार की रात जारी आंकड़े के अनुसार ये भी रिकवर हो गए। इस पर कुल 5 जिला रिकवर हो गया है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार की रात 9 बजे तक झारखंड में सिर्फ 66 मरीज मिले। जबकि, 83 रिकवर हुए। सबसे अधिक 27 मरीज लातेहार में मिले हैं। जबकि, राज्य के 14 जिले ऐसे रहे जिसमें एक भी नए मरीज नहीं मिले।
- Sponsored -
सबसे अधिक एक्टिव केस लातेहार में
झारखंड में कोरोना के सबसे अधिक मामले आम तौर पर राजधानी रांची व दूसरे नंबर पर ईस्ट सिंहभूम में रहे हैं। मगर तीसरी लहर के बाद अभी सबसे अधिक मरीज राजधानी में नहीं बल्कि लातेहार में हैं। राजधानी में एक्टिव मरीजों की संख्या तीसरी लहर में 100 से भी कम यानि 88 में पहुंच गई है। वहीं, ईस्ट सिंहभूम में कुल 61 मरीज एक्टिव हैं। जबकि, लातेहार में एक्टिव मरीजों की संख्या 91 पहुंच गई। दरअसल सोमवार तक यहां कुल 64 एक्टिव केस थे। मगर मंगलवार की रात जारी रिपोर्ट के अनुसार 27 नए मरीज मिले जबकि रिकवर कोई नहीं हुए। मतलब यहां एक्टिव केस अब राज्य में सबसे अधिक है।
रिम्स-सदर अस्पताल में कोरोना मरीज नहीं
रांची जिले में जहां एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 100 से नीचे पहुंच गया है। वहीं, अस्पतालों में भी संक्रमण का भय अब खत्म हो रहा है। राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में अब एक भी कोरोना मरीज भर्ती नहीं हैं। जबकि, रांची के सदर अस्पताल में भी अब कोई मरीज नहीं हैं। मतलब इन अस्पतालों में बनाए गए कोविड वार्ड को हटाकर सामान्य मरीजों का इलाज शुरू होगा।
- Sponsored -
Comments are closed.