- Sponsored -
रांची: रांची के मधुकम के रहने वाले दूध व्यसायी धनेश्वर महतो की मौत उत्पाद विभाग पुलिस की कस्टडी में शुक्रवार को हो गयी। धनेश्वर के परिजनों ने बताया कि उसे कल सुबह छह बजे उत्पाद विभाग की पुलिस उठा कर ले गयी थी। उस वक्त धनेश्वर दूध बेच रहा था। उसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजनों के मुताबिक बेहोशी की हालत में ही धनेश्वर को उत्पाद पुलिस घसटती रही जिसका वीडियो भी है। तबियत बिगड़ने पर उसे अस्पताल लाया गया। मेडिका अस्पताल में धनेश्वर ने दम तोड़ दिया। परिजनों का कहना है कि उन्हें अबतक नहीं बताया गया है कि धनेश्वर को किस जुर्म में हिरासत में लिया गया था। मामले पर उत्पाद विभाग के सहायक आयुक्त रवानी ने कहा कि फिलहाल इस मामले की जांच की जा रही है। बेहतर इलाज के लिए उसे मेडिका में भर्ती कराया गया था और मेडिका में ही मृत्यु हुई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले पर कुछ कहा जा सकता है। वहीं, उत्पाद सचिव अमित कुमार ने कहा कि वह कस्टडी में था और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हुई है। उन्होंने कहा कि यह जानकारी हमें रांची जिला उत्पाद टीम से मिली है।
- Sponsored -
Comments are closed.