- Sponsored -
मेदिनीनगर: पलामू व्याघ्र आरक्ष (पीटीआर) के उपनिदेशक एवं भारतीय वन सेवा के अधिकारी कुमार आशीष ने कहा कि मंडल डैम के पूर्ण होने से सबसे ज्यादा फायदा पीटीआर में निवास कर रहे हाथियों को होगा।
श्री आशीष ने आज यहां बातचीत में कहा कि पीटीआर में अभी तकरीबन 300 हाथी निवास करते हैं। मंडल डैम के पूर्ण होने से हाथियों को पेयजल की समस्या से मुक्ति मिलेगी। हाथी ऐसे भी पानी वाले क्षेत्रों को ज्यादा पसंद करते हैं। उन्होंने कहा कि मंडल डैम के पूर्ण होने से प्रवासी पक्षी भी यहां भारी संख्या में पहुंचेंगे।
एक प्रश्न के उतर में कुमार आशीष ने बताया कि डैम का निर्माण जिस स्थान पर हो रहा है, वह हरा-भरा जंगली इलाका है। यहां हाथी बहुत आसानी से पानी के लिए पहुंचेंगे। इससे उनकी संख्या में भी वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि अन्य जगह जलाशय या डैम शहरी आबादी के पास हैं। डैम इलाके में बांस भी भारी मात्रा में उपजते हैं। वन क्षेत्र में 205 प्रजातियों के पक्षी वास करते हैं। पलामू व्याघ्र आरक्ष में तकरीबन 35 चेक डैम हैं, लेकिन ये भी मई-जून के महीने में सूख जाते हैं। मंडल डैम निर्माण में वन विभाग एवं जल संसाधन विभाग के साथ एकरारनामे में यह तय है कि मंडल डैम से पानी की आपूर्ति पीटीआर में पशु-पक्षियों के लिए की जायेगी।
- Sponsored -
Comments are closed.