- Sponsored -
मांडर विधायक बंधु तिकी का पुतला जालकर शाम में लौट रहे थे अपने घर
ओरमांझी में एक ढाबा के सामने सरेशाम हुई घटना
एक सहयोगी भी जख्मी, अर्जुन मुंडा पहुंचे अस्पताल, छानबीन में जुटी पुलिस
रांची : भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के रांची जिला अध्यक्ष जीतराम मुंडा (45) की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। बाइक से पहुंचा अज्ञात अपराधी सरेशाम इस वारदात को ओरमांझी इलाके में पालू के समीप एक ढाबा के सामने अंजाम दिया। सिर में गोली लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गयी। गोलीबारी में उनका एक सहयोगी राजकिशोर साहू भी जख्मी हुआ है। घायल का इलाज शुरू कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू करते हुए अज्ञात अपराधी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को अपराह्न में भाजपा एसटी मोर्चा के जिलाध्यक्ष अपने कार्यकर्ता के साथ ओरमांझी ब्लाक चौक पर मांडर विधायक बंधु तिर्की का पुतला फूंकने के लिए जुटे थे। बंधु तिर्की का पुतला फूंकने के बाद शाम में जीतराम मुंडा अपने एक अन्य सहयोगी राजकिशोर साहू के साथ घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में दोनों आर्यन ढाबा के समीप चाय पीने के लिए रूके थे। इसी दौरान बाइक सवार एक अपराधी वहां पहुंचा और भाजपा नेता पर नजदीक के फायरिंग शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार जीतराम मुंडा के सिर में दो गोली लगी, जिससे वह गिर पड़े। वहीं उनका सहयोगी भी इस हमले में घायल हुआ है। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी बाइक पर सवार होकर वहां से फरार हो गया। इस घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गयी। पुलिस भी इस वारदात की सूचना पाकर वहां पहुंच गयी। इसके पूर्व खून से लथपथ जीतराम मुंडा और उसके सहयोगी को पास के मेदांता अस्पताल लाया गया, जहां जीतराम को मृत घोषित कर दिया गया। इस बीच इस घटना की खबर सुनकर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा सहित कई अन्य भाजपा नेता मेदांता अस्पताल पहुंच गये। इस घटना को लेकर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। कई वरीय पुलिस पदाधिकारी भी वहां पहुंच गये थे। प्रारंभिक छानबीन के बाद पुलिस ने इलाके में छापेमारी शुरू कर दी है। देररात तक इलाके में पुलिस ने वाहन चेकिंग भी किया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस ने किसी को नहीं गिरफ्तार किया था।
- Sponsored -
Comments are closed.