- Sponsored -
जमशेदपुर: टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन का चुनाव अब लटक गया है। ऐसे में कर्मचारियों के बोनस के बाद ही अब यूनियन चुनाव होगा। यूनियन चुनाव को लेकर सारी सरगरमी शांत पड़ गई है। यूनियन का दोनों खेमा अब चुनाव लटकाने में लगा हुआ है। उधर, कर्मचारियों में भारी असंतोष है। उनका कहना है कि यूनियन की कमेटी की समय-सीमा समाप्त हो गई है। ऐसे में चुनाव के बाद ही समझौता करना बेहतर होता। इसी बात को लेकर दो दिन पूर्व कर्मचारियों ने यूनियन नेताओं का घेराव कर जवाब-तलब किया था। लेकिन यूनियन नेता बहाना बनाकर चुनाव को लंबित करना चाहते हैं। टाटा कमिंस कर्मचारियों का बोनस अगले माह होना तय है। उल्लेखनीय है कि दो गुटों के बीच आपसी खींचतान के कारण यूनियन का चुनाव लटका हुआ है। यूनियन के अध्यक्ष जय मंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह ने चुनाव के लिए निर्वाचन पदाधिकारी की नियुक्ति भी कर दिया है। निर्वाचन पदाधिकारी महेन्द्र विश्वकर्मा ने कमेटी मेंबरों के साथ बैठक भी की। हालांकि प्रबंधन ने बैठक के लिए कंपनी परिसर स्थित यूनियन कार्यालय में प्रवेश की अनुमति नहीं दी थी। उस बैठक में एहसान अहमद सिराजी एंड गुट ने भाग नहीं लिया। यह गुट चाहता है कि इस बार यूनियन का चुनाव किसी बाहरी के निर्देश पर नहीं हो, प्रबंधन भी चाहता है कि कोई कर्मचारी ही यूनियन का अध्यक्ष चुना जाए। इस कशमकश के बीच बोनस समझौता के बाद यूनियन चुनाव कराने के लिए सिराजी गुट ने तैयारी कर ली है। प्रबंधन की भी इस पर सहमति है। बोनस समझौता के बाद चुनाव प्रक्रिया की घोषणा कर दी जाएगी।
- Sponsored -
Comments are closed.