- Sponsored -
कयूम खान
लोहरदगाः सुरक्षा बलों द्वारा नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के 12वें दिन रविवार को भी जारी रहा। अब तक सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच 9 बार आमने-सामने की मुठभेड़ हो चुकी है। नक्सलियों के खिलाफ अब तक के सबसे बड़े अभियान में पुलिस को लगातार कामयाबी मिल रही है। एक नक्सली को मार गिराने, बंकर ध्वस्त करने, हथियारों व विस्फोटकों का जखीरा बरामद करने के बाद सुरक्षा बलों ने शनिवार को एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भाकपा (माओवादी) संगठन के जोनल कमांडर 10 लाख का इनामी नक्सली बलराम उरांव सहित 11 नक्सलियों को दबोचने की बात बताई जा रही है। हालांकि इस पर पुलिस-प्रशासन द्वारा अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जिन नक्सलियों की दबोचने की बात बताई गई है, उनमें जोनल कमांडर बलराम उरांव सहित सब जोनल कमांडर मारकुस नगेशिया, हार्डकोर दशरथ खेरवार, शैलेश्वर उरांव, शैलेन्द्र, बिरेन कोरवा, मुकेश कोरवा के अलावे शीला खेरवार सहित तीन महिला नक्सलियों के नाम शामिल हैं। कयास लगाया जा रहा है कि दो अन्य महिला नक्सलियों में एक 15 लाख के ईनामी नक्सली रिजनल कमांडर रविंद्र गंझू की पत्नी लीलावती भी शामिल है। उक्त गिरफ्तारियों पर किसी प्रकार की पुष्टि नहीं की गई है, परन्तु उच्चाधिकारियों द्वारा जल्द ही बड़े स्तर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित किए जाने की बात की जा रही है।
चप्पे-चप्पे पर अलग-अलग टुकड़ियों में 500 से अधिक की संख्या में तैनात सुरक्षा बल
इधर सीआरपीएफ 158 बटालियन, सीआरपीएफ कोबरा 209 बटालियन, कोबरा 203 बटालियन, झारखंड जगुआर, झारखंड पुलिस सैट जवान संयुक्त अभियान निरन्तर नक्सलियों पर अपनी बढ़त बनाए हुए हैं। घने जंगलों के बीच पुलिस हर प्रकार से चौकन्नी है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की अलग-अलग टुकड़ियों में 500 से अधिक की संख्या में तैनात किए गए हैं। जमीन से लेकर आसमान तक से नक्सलियों पर नजर बनाई गई है। इस बीच बुलबुल के जंगलों में नक्सलियों द्वारा बनाए गए बंकर को भी पुलिस द्वारा ध्वस्त किया गया है। सुरक्षाबलों के चक्रव्यू में घिरे कई बड़े नक्सली इस बार बुरी तरह फंसे हैं, जो इधर से उधर भागते फिर रहे हैं। भागने के क्रम में वे पुलिस के शिकंजे में भी फंस रहे हैं।
बुलबुल जंगल में रवींद्र गंझू के होने की सूचना पर शुरू हुआ था सर्च अभियान
अबतक पुलिस और नक्सलियों के बीच आठ बार मुठभेड़ हो चुकी है। आधुनिक हथियारों के साथ इस अभियान में जुटे सुरक्षा बलों का हौसले हैं। लगातार सर्च अभियान जारी है। ज्ञात हो कि 12 दिनों पूर्व 15 लाख के इनामी नक्सली रविंद्र गंझू के दस्ते की बुलबुल के जंगलों में भ्रमण होने की सूचना पर सर्च अभियान शुरू किया गया था। जिसके बाद से निरंतर अभियान जारी है। इस अभियान में जहां तीन जवान आईईडी की चपेट में आकर घायल हुए। वहीं पुलिस ने एक नक्सली को भी मार गिराने में सफलता पायी है। इधर सीआरपीएफ कमांडेंट प्रभात कुमार संदवार और एसपी अभियान की अगुवाई में अभियान चलाते हुए नक्सलियों पर नजर टिकाई गई है।
- Sponsored -
Comments are closed.