- Sponsored -
रांची:झारखंड के बहुचर्चित 34वें राष्ट्रीय खेल घोटाले की जांच कर रही सीबीआइ की टीम ने शुक्रवार को भवन निर्माण विभाग से कई अहम दस्तावेज लिया है, जिसकी जांच चल रही है। मामला मेगा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स निर्माण में अनियमितता से संबंधित है, जिसका अनुसंधान सीबीआइ के पटना स्थित भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के डीएसपी सुरेंद्र दीपावत कर रहे हैं। पूरा मामला धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश रचने व पद के दुरुपयोग से संबंधित है।
झारखंड उच्च न्यायालय से एक जनहित याचिका पर 11 अप्रैल 2022 को जारी आदेश के आधार पर सीबीआइ ने प्राथमिकी दर्ज की थी। यह प्राथमिकी अज्ञात लोक सेवक व अज्ञात निजी व्यक्तियों के विरुद्ध दर्ज की गई थी। झारखंड हाई कोर्ट ने 11 अप्रैल 2022 को 2017, 2018 व 2019 में दाखिल तीन अलग-अलग पीआइएल पर सुनवाई के बाद सीबीआइ को जांच का आदेश दिया था।
इसमें झारखंड विधानसभा की कमेटी की नौ जनवरी 2008 की रिपोर्ट का भी हवाला दिया गया है। पूर्व की रिपोर्ट के अनुसार 424 करोड़ रुपये के रांची, धनबाद व जमशेदपुर में बने मेगा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के निर्माण में भी अनियमितता की पुष्टि हो चुकी है। मेगा स्पोर्ट्स निर्माण के लिए पहले 206 करोड़ रुपये का बजट था, जो बढ़कर पहले 340 करोड़ और फिर 424 करोड़ रुपये हो गया। सीबीआइ के अधिकारी इन्हीं सभी अनियमितता से संबंधित दस्तावेज लेने के लिए भवन निर्माण विभाग पहुंचे थे।
- Sponsored -