पटना। बिहार के भागलपुर शहर में स्थित सैंडिस कंपाउंड में बड़ी संख्या में कौवों के मृत पाए जाने से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। गुरुवार सुबह टहलने पहुंचे लोगों ने स्विमिंग पूल के पास कई मृत पक्षियों को देखा, जिसके बाद प्रशासन को सूचना दी गई।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि हाल के दिनों में जिले के अलग-अलग हिस्सों में भी पक्षियों की असामान्य मौत की घटनाएं सामने आई हैं। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि एक साथ इतने पक्षियों को मृत देखना असामान्य है और इससे लोगों में बीमारी फैलने की आशंका को लेकर भय बढ़ा है।
पशुपालन विभाग की अधिकारी अंजली कुमारी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। प्रभावित क्षेत्र से नमूने एकत्र कर जांच के लिए पटना स्थित प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके में आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
इससे पहले सुल्तानगंज और नवगछिया कोर्ट क्षेत्र में भी पक्षियों की मौत के मामले सामने आए थे। उन घटनाओं के बाद प्रशासन ने प्रभावित स्थानों को कीटाणुरहित कराया था और जांच के लिए नमूने भेजे गए थे। कुछ क्षेत्रों में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया गया था।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी संभावित संक्रमण की स्थिति में सतर्कता और त्वरित कार्रवाई जरूरी है, ताकि जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। फिलहाल प्रशासन जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है और नागरिकों से अफवाहों से बचने तथा सतर्क रहने की अपील की गई है।

